Greater Noida Authority Protest: 16 फरवरी को होगा बड़ा आंदोलन, रामपुर फतेहपुर में किसान पंचायत से तेज हुआ 10% आबादी प्लॉट का संघर्ष

Greater Noida Authority Protest: 16 फरवरी को होगा बड़ा आंदोलन, रामपुर फतेहपुर में किसान पंचायत से तेज हुआ 10% आबादी प्लॉट का संघर्ष

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ 16 फरवरी को प्रस्तावित बड़े आंदोलन को लेकर किसानों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नोएडा क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में किसानों की एक अहम पंचायत आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों किसानों ने भाग लेकर आंदोलन की रणनीति, मांगों और आगे की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। पंचायत में साफ संकेत दिया गया कि इस बार किसान अपने अधिकारों को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट किसानों का संवैधानिक और कानूनी हक है और इसे लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण किसानों को उनका वाजिब हक नहीं देता, तब तक किसान सभा का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने किसानों से एकजुट रहने और आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

किसान सभा के महासचिव जगबीर नंबरदार ने आंदोलन की मुख्य मांगों को स्पष्ट करते हुए बताया कि 16 फरवरी से शुरू होने वाले आंदोलन में 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट के साथ-साथ भूमि अधिग्रहण के नए कानून के सभी लाभों को पूरी तरह लागू कराने और लंबित आबादियों के पूर्ण निस्तारण की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से किसान इन मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण की ओर से अब तक ठोस समाधान नहीं किया गया है।

किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने पंचायत में जानकारी दी कि किसान सभा और किसान संघर्ष मोर्चा द्वारा किए गए लगातार आंदोलनों के दबाव में 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट से जुड़ा प्रस्ताव ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बोर्ड से पास होकर शासन को अनुमोदन के लिए भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर मंत्री स्तर की सिफारिशें भी पहले से मौजूद हैं, इसके बावजूद अभी तक किसानों को वास्तविक लाभ नहीं मिला है, जिससे किसानों में गहरा रोष है।

किसान सभा के जिला सचिव गुरप्रीत एडवोकेट ने कहा कि संगठन किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 16 फरवरी से किसानों की निर्णायक लड़ाई शुरू होगी और अगर जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी भी दबाव या बहकावे में न आएं और शांतिपूर्ण लेकिन मजबूत आंदोलन में शामिल हों।

पंचायत के दौरान किसान सभा की जिला कमेटी के सदस्य महेश प्रजापति ने रामपुर फतेहपुर गांव की ओर से भरोसा दिलाया कि गांव के सैकड़ों किसान और ग्रामीण 16 फरवरी के आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल एक गांव या क्षेत्र का नहीं, बल्कि पूरे किसान समाज के हक की लड़ाई है।

किसान नेताओं का कहना है कि अगर इस बार भी प्राधिकरण और शासन ने किसानों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पंचायत के बाद किसानों में आंदोलन को लेकर उत्साह और एकजुटता साफ दिखाई दी, जिससे आने वाले दिनों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के लिए यह आंदोलन एक बड़ी चुनौती बन सकता है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img