Noida Authority: नोएडा प्राधिकरण में सख्त कदम, लापरवाही पर लेखपाल बर्खास्त, एक का वेतन रोका

Noida Authority: नोएडा प्राधिकरण में सख्त कदम, लापरवाही पर लेखपाल बर्खास्त, एक का वेतन रोका

नोएडा प्राधिकरण ने लापरवाही और कर्तव्यहीनता के मामलों में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए भूलेख विभाग में तैनात दो लेखपालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम ने स्पष्ट कर दिया है कि कार्यों में शिथिलता, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता को लेकर प्राधिकरण की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार भूलेख विभाग में कार्यरत लेखपाल शुभम भारद्वाज और सीमा यादव पर लंबे समय से गंभीर आरोप सामने आ रहे थे। दोनों पर माननीय न्यायालय से जुड़े मामलों, शासकीय कार्यों, आईजीआरएस और आरटीआई प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण न करने की शिकायतें दर्ज थीं। इसके साथ ही इनके कार्यक्षेत्र में अधिसूचित क्षेत्र और अर्जित भूमि पर अवैध अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

प्राधिकरण ने जांच में पाया कि दोनों लेखपालों का आचरण उत्तर प्रदेश सरकारी आचरण नियमावली 1956 और नोएडा सेवा नियमावली 1981 के तहत निर्धारित सरकारी कर्मचारी के कर्तव्यों का गंभीर उल्लंघन है। इसके अलावा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी को भी गंभीर लापरवाही माना गया। सीईओ लोकेश एम ने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़ी शिकायतों, विशेष रूप से आईजीआरएस और आरटीआई मामलों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण रोकने में विफल रहने वाले संबंधित बीट और क्षेत्र के कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर उन्हें प्राधिकरण से बाहर किया जाएगा।

गंभीर लापरवाही के चलते लेखपाल शुभम भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से नोएडा प्राधिकरण से अवमुक्त कर दिया गया है और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रकरण उत्तर प्रदेश शासन को भेज दिया गया है। वहीं, लेखपाल सीमा यादव का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद प्राधिकरण में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी यह संदेश गया है कि लापरवाही और अनुशासनहीनता पर अब सख्त कार्रवाई तय है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img