Noida Development: CM योगी कल करेंगे 2,478 करोड़ रुपये की 70 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
Noida Development: CM योगी कल करेंगे 2,478 करोड़ रुपये की 70 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा में 2,478 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 1,045 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 1,434 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर नोएडा प्राधिकरण और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्राधिकरण के सीईओ स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में सेक्टर-96 स्थित लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से बना मुख्य प्रशासनिक भवन, करीब 608 करोड़ रुपये की लागत वाला डीएससी रोड पर अगाहपुर पेट्रोल पंप से एनएसईजेड तक 5.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड, रैनीवेल-4 परियोजना तथा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के विभिन्न सेक्टरों में सीवर लाइन बिछाने से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में भंगेल एलिवेटेड रोड पर क्लोवर लीफ इंटरचेंज का निर्माण, सेक्टर-145 का विकास, चौड़ी सड़क और नाली निर्माण, दलित प्रेरणा स्थल के सिविल एवं विद्युत कार्यों का अनुरक्षण, जोनल रोडों का सुदृढ़ीकरण, विभिन्न सेक्टरों में सड़क, पुलिया और नालों के निर्माण, एमपी-2 एलिवेटेड रोड पर नॉइज बैरियर लगाने, बॉटेनिकल गार्डन बस डिपो के नवीनीकरण सहित कई अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर हेलीकॉप्टर से सेक्टर-96 स्थित अस्थायी हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इससे पहले वे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचकर यमुना सिटी में दो औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नोएडा पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बॉम्ब स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और भारी पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की है।



