Delhi Crime: दिल्ली के सीलमपुर में पार्क में 16 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, इलाके में दहशत

Delhi Crime: दिल्ली के सीलमपुर में पार्क में 16 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, इलाके में दहशत

रिपोर्ट: रवि डालमिया

राजधानी दिल्ली के उत्तर पूर्वी जिले में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सीलमपुर इलाके का है, जहां बीती रात एक 16 वर्षीय किशोर की सेंट्रल पार्क में चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मौजपुर निवासी के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे गश्त के दौरान कांस्टेबल विपिन सीलमपुर के सेंट्रल पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने एक लड़के को पार्क की बेंच और रास्ते के बीच खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। कांस्टेबल ने तुरंत थाने को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल जग प्रवेश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल पर क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हत्यारों की पहचान की जा सके। साथ ही पीड़ित परिवार से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की वजह और संलिप्त लोगों की जानकारी मिल सके।

डीसीपी ने बताया कि मामले में कई नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि अब तक हत्या के पीछे की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पार्क अपराधियों और नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है, जिससे आम लोगों का यहां आना-जाना मुश्किल हो गया है।

लोगों ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर, जाफराबाद और मुस्तफाबाद जैसे इलाकों में लगातार हो रही हत्याओं को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पुलिस इन अपराधों को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने और पार्कों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

 

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img