Nilesh Mandalevala: राष्ट्रपति ने अंगदान अभियान के लिए नीलेश मंडलेवाला को पद्मश्री से सम्मानित किया

Nilesh Mandalevala: राष्ट्रपति ने अंगदान अभियान के लिए नीलेश मंडलेवाला को पद्मश्री से सम्मानित किया
नई दिल्ली, 25 मई: राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने सोमवार को सूरत की संस्था Donate Life के संस्थापक Nilesh Vinodchandra Mandalevala को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया। अंगदान जागरूकता और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद नीलेश मंडलेवाला ने कहा कि यह उपलब्धि केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशभर में अंगदान के लिए काम कर रहे हजारों लोगों की मेहनत और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने बताया कि उनके अभियान के जरिए अब तक 1383 अंग एवं टिश्यू डोनेशन संभव हो चुके हैं, जिनकी मदद से 1275 मरीजों को नया जीवन मिला है।
नीलेश मंडलेवाला ने कहा कि उनका लक्ष्य वर्ष 2047 तक देश के हर जरूरतमंद मरीज को समय पर अंग उपलब्ध कराना है, ताकि भारत में किसी व्यक्ति की मौत केवल अंग न मिलने की वजह से न हो। उन्होंने बताया कि इस मिशन को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं को जोड़ा जा रहा है, जिससे अंगदान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
उन्होंने लोगों से अंगदान के प्रति जागरूक होने की अपील करते हुए कहा कि इंसान के अंग किसी गहने से भी अधिक कीमती होते हैं, क्योंकि इन्हें कृत्रिम रूप से बनाया नहीं जा सकता। मृत्यु के बाद अंगदान करके कई लोगों को नया जीवन दिया जा सकता है और अनेक परिवारों में खुशियां लौटाई जा सकती हैं।
नीलेश मंडलेवाला ने पद्मश्री सम्मान को अपने माता-पिता और भगवान द्वारकाधीश को समर्पित करते हुए कहा कि समाज सेवा और मानवता के लिए आगे भी उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।




