उत्तर प्रदेश : हापुड़ में गौ-तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ जिले में थाना कपूरपुर पुलिस ने अवैध गौ तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गांव बझेड़ा में मुठभेड़ के बाद की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक पशु, एक अवैध तमंचा और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी, तभी मुखबिर से गांव के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र की घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव नारायणपुर निवासी जफर और परवेज तथा गांव करनपुर निवासी यासीन के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से गौ तस्करी में लिप्त थे और पशुओं को अवैध रूप से ले जाने की फिराक में थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद पशु के साथ एक अवैध तमंचा और तस्करी में उपयोग किए जाने वाले उपकरण भी जब्त कर लिए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और गौ तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


