उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में किन्नर ने दोस्तों से शादीशुदा प्रेमी की हत्या कराई, चार गिरफ्तार

Bulandshahr News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में एक किन्नर ने अपने प्रेमी की उसके दोस्तों से हत्या करवा दी। किन्नर ने प्रेमी को बहाने से बुलाया और दोस्तों के साथ शराब पार्टी की, फिर लाठी-डंडे और लात-घूंसे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए युवक का सिर और चेहरा ईंट से कुचल डाला और शव को जंगल में गढ्ढे में दबा दिया। हत्या में शामिल ट्रांसजेंडर समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया- किन्नर का दो लड़कों से अफेयर था। जिसकी हत्या हुई है, वह किन्नर से रिलेशन बनाने का दबाव बनारहा था। पीछा छुड़ाने के लिए किन्नर ने उसकी हत्या करवा दी।
युवक के लापता होने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सीसीटीवी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम कराया है। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की है। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में बिलसूरी गांव है।
यहां रहने वाले साक्षर कौशिक (24) का शव मंगलवार को जंगल से बरामद हुआ था। एसपी ने बताया कि साक्षर कौशिक की डेढ़ साल पहले शिवानी से शादी हुई थी। उनका अभी कोई बच्चा नहीं हुआ था। पिता संजीव कौशिक ड्राई क्लीन की दुकान चलाते हैं। वह भी पिता की मदद करता था। 30 मार्च को साक्षर का दोस्त देवेश उसके घर पहुंचा और अपने साथ ले गया। देवीपुरा के एक सीसीटीवी कैमरे में करीब 10:48 बजे दोनों साथ जाते हुए भी कैद हुए। इसके बाद साक्षर घरनहीं लौटा।
मंगलवार को साक्षर के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने देवेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। देवेश साक्षर का पड़ोसी है। पुलिस ने जब सख्ती से देवेश से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।आरोपी देवेश के कबूलनामे के आधार पर पुलिस किन्नर अमन उर्फ अवंतिका (30), दीपक (23), शुभम (26) तक पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने साक्षर की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ने की बात स्वीकार कर ली।
देवेश ने बताया, उसने अपने दोस्तों दीपक और शुभम के साथ मिलकर चंदेरु गांव के बाग में शराब पार्टी की थी। पार्टी के दौरान साक्षर से विवाद हो गया, जिसके बाद तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। शव को जमीन में दबा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई और शव बरामद किया।





