उत्तर प्रदेश : हापुड़ में लग्जरी वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार, नेपाल से जुड़ा है नेटवर्क

Hapur News : पिलखुवा कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ा खुलासा करते हुए लग्जरी गाड़ी चोरी कर नेपाल बेचने वाले अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक आरोपी मुजफ्फरनगर जनपद से गैंगस्टर मामले में फरार चल रहा था और उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

क्या है पूरा मामला

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तीन लग्जरी चोरी की गाड़ियां, चोरी करने के उपकरण, फर्जी नंबर प्लेट, तमंचा और कारतूस बरामद किया है। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि जनपदीय स्वाट और पिलखुवा कोतवाली पुलिस टीम को ये बड़ी सफलता हाथ लगी है। उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य लखीमपुर खीरी बार्डर से गौरीपंडा होते हुए धनगढ़ी की तरफ से गाड़ी लेकर नेपाल जाते थे और वहां गाड़ियों को बेच देते थे। नेपाल में लग्जरी गाड़ियों की काफी मांग है और चोरी की गाड़ी इस गिरोह के सदस्य वहां आसानी से बेच देते थे।

पकड़े गए ये आरोपी

पकड़े गए आरोपियों में जिला बागपत थाना बड़ौत के गांव बावली निवासी अजय तोमर, जिला मेरठ थाना सदर बाजार के न्यू मार्किट निवासी प्रशांत उर्फ गुड्डू और देहली गेट मोहल्ला पूरबा करामत निवासी इरफान है। इरफान पर जनपद मुजफ्फरनगर से गैंगस्टर एक्ट में पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।

गाड़ियों को चोरी करने का तरीका

एसपी ने बताया कि आरोपी लग्जरी गाड़ी में लगे ईसीएम को निकालकर आसानी से गाड़ी को स्टार्ट कर फरार हो जाते थे। इसके अलावा चांबी, एलनकी आदि उपकरणों की मदद से आसानी से गाड़ी को खोल लेते थे। लग्जरी गाड़ी निशाने पर रहती थी जिनकी नेपाल में काफी मांग है।

इन आरोपियों को ट्रेस किया जा रहा

एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के नेपाल के लिंक के बारे में जानकारी की जा रही है। इस गिरोह के सदस्य नेपाल में जिन लोगों को गाड़ियां बेचने थे उन्हें ट्रेस किया जा रहा है। अभी जानकारी में पता चला कि गिरोह के सदस्यों ने सैकड़ों गाड़ियां चोरी की है। जब तक नेपाल के इनके लिंक के बारे में जानकारी नहीं होती तब तक कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img