Noida Delhi Traffic: नोएडा से दिल्ली जाने वालों के लिए जरूरी खबर, आज रात से कई रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
नोएडा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली के लालकिले में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम और उससे पहले होने वाली परेड, सलामी तथा अन्य राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों के चलते नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नोएडा यातायात पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन प्लान लागू करने की जानकारी दी है। ऐसे में दिल्ली जाने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी रखना जरूरी होगा।
यातायात पुलिस के प्रभारी डीसीपी अभय कुमार मिश्र के अनुसार, पहला डायवर्जन बुधवार रात 10 बजे से शुरू होकर बृहस्पतिवार को कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा। इसके बाद शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार को कार्यक्रम समाप्त होने तक दोबारा यातायात डायवर्जन किया जाएगा। इस दौरान दिल्ली की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह अनावश्यक रूप से दिल्ली की ओर जाने से बचें और जरूरत होने पर निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। यातायात संबंधी किसी समस्या या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया गया है।
चिल्ला बॉर्डर से जाने वाले वाहन चालकों को चिल्ला रेड लाइट पर यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर जाना होगा। इसके बाद वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
डीएनडी बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर वाहन चालक अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
कालिंदी कुंज यमुना बॉर्डर से आने वाले वाहनों को अंडरपास तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजे जाएंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर आने वाले वाहन चालकों को जीरो प्वाइंट से परी चौक, पी-3 कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।
इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे पर फलेदा कट और रबूपुरा की ओर से आने वाले वाहनों को सर्विस रोड के रास्ते गलगोटिया, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और पुस्ता तिराहे से होते हुए सीएल चौक तक भेजा जाएगा। इसके बाद कासना होते हुए वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जा सकेंगे।
यातायात पुलिस के मुताबिक, डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, दमकल और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़ी गाड़ियों को प्राथमिकता के साथ सुरक्षित तरीके से निकाला जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि डायवर्जन के दौरान यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें।


