Pandava Nirjala Ekadashi: पांडव निर्जला एकादशी पर इस्कॉन नोएडा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड
नोएडा। पांडव निर्जला एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को इस्कॉन नोएडा मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की। सुबह 4:30 बजे से ही मंदिर में भक्तों का आना शुरू हो गया। भगवान का विशेष शृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा और पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।
सुबह 5:30 बजे अखंड जप का आयोजन किया गया, जिसमें 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने तुलसी महारानी के समक्ष एक साथ बैठकर हरे कृष्ण महामंत्र का जप किया। इसके बाद दिनभर अखंड कीर्तन और भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा।
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि निर्जला एकादशी पर्व का समापन शनिवार को होगा। इस अवसर पर इस्कॉन की स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं को शीतल शरबत प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि दर्शन और धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।





