Noida Chhath Festival: सेक्टर-75 में छठ महोत्सव की तैयारी तेज, 60 फीट लंबा घाट दीपावली से पहले तैयार करने का लक्ष्य
नोएडा के सेक्टर-75 स्थित सेंट्रल पार्क में छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री सूर्यदेव पूजा समिति 13 से 16 नवंबर 2026 तक श्री छठ पूजा महोत्सव का आयोजन करेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्क में विशेष घाट तैयार कराया जा रहा है।
गोल्फ सिटी प्लॉट-8 और पंचशील प्रतिष्ठा सोसायटी के बीच स्थित पार्क में 60 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा छठ घाट बनाया जा रहा है। समिति ने निर्माण कार्य दीपावली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
समिति के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा के अनुसार 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ महापर्व शुरू होगा। 14 नवंबर को खरना और लोहंडा होगा। 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगे।
डॉ. शर्मा ने बताया कि घाट का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। उनके अनुसार छठ पर्व आस्था के साथ स्वच्छता, अनुशासन, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का संदेश देता है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।





