NMRC: नोएडा के तीन मेट्रो प्रोजेक्ट का अप्रैल में शिलान्यास, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

NMRC: नोएडा के तीन मेट्रो प्रोजेक्ट का अप्रैल में शिलान्यास, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
नोएडा। शहर की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के लिए नोएडा में तीन बड़े मेट्रो प्रोजेक्ट का शिलान्यास अप्रैल महीने में एक साथ किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दो मेट्रो रूट को आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय (महुआ) से मंजूरी मिल चुकी है, जबकि तीसरे रूट का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा गया है।
एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि पहला रूट सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक होगा और दूसरा ग्रेटर नोएडा डिपो से जुनपत तक। तीसरा प्रस्तावित रूट सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक है। तीनों परियोजनाओं का शिलान्यास एक साथ करने की योजना है, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक जाने वाला रूट पहले नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित था। लेकिन आरआरटीएस रूट प्रस्तावित होने के कारण इसे फिलहाल सेक्टर-4 तक सीमित किया गया है, जहां भविष्य में आरआरटीएस से कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी। यदि आरआरटीएस परियोजना आगे नहीं बढ़ती है, तो इसी मेट्रो लाइन को नॉलेज पार्क-5 तक विस्तार दिया जाएगा और वहां से लिंक किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से नोएडा और दिल्ली के लोगों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। फिलहाल दो रूट पर टोपोग्राफी और सॉइल टेस्टिंग का काम चल रहा है। तीसरे रूट की फाइल महुआ से स्वीकृत होते ही डिटेल्ड ड्राइंग डिजाइन तैयार की जाएगी।
सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक 11.56 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसे चार साल में पूरा करने का लक्ष्य है। इस परियोजना पर 2,254.35 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसमें कुल 8 स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर ऑफिस, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन शामिल होंगे।
सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक का रूट करीब 7.5 किलोमीटर लंबा होगा। इस पर चार स्टेशन बनाए जाएंगे—सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1,000 करोड़ रुपये है और इसे मंजूरी के लिए भेजा गया है।
वहीं, एक्वा लाइन के मौजूदा डिपो स्टेशन से 2.6 किलोमीटर आगे बोड़ाकी तक विस्तार की डीपीआर को यूपी कैबिनेट पहले ही मंजूरी दे चुकी है। इस विस्तार पर करीब 416.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें जुनपत गांव और बोड़ाकी नाम से दो नए स्टेशन बनाए जाएंगे।
तीनों परियोजनाएं पूरी होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन आसान होगा, ट्रैफिक का दबाव कम होगा और औद्योगिक व रिहायशी क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि यह कदम शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





