
Rohtak/New Delhi : दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स में वार्षिक कला प्रदर्शनी ‘अभिव्यंजना’ का आगाज रविवार से होगा। यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित फैकल्टी ऑफ डिजाइन भवन में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल एवं यूनिवर्सिटी के चांसलर असीम कुमार घोष शाम 4 बजे करेंगे। शनिवार को छात्र और फैकल्टी सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देते नजर आए। प्रदर्शनी में कला प्रेमियों को एक साथ दो हजार से अधिक कलाकृतियों को देखने का अवसर मिलेगा।

यूनिवर्सिटी की फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स हर वर्ष इस प्रदर्शनी का आयोजन करती है, जिसमें छात्रों को पूरे वर्ष में तैयार की गई अपनी कृतियों को प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। इस वर्ष प्रदर्शनी का 11वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। इसमें फैकल्टी के पांच विभागों के छात्र अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे। कोऑर्डिनेटर विनय कुमार के अनुसार प्रदर्शनी में एप्लाइड आर्ट, एनीमेशन, पेंटिंग, मूर्तिकला और प्रिंट मेकिंग का समन्वय देखने को मिलेगा। अंडर ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के विभिन्न वर्षों के छात्रों की दो हजार से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें सामाजिक, धार्मिक विषयों, कथाओं और भविष्य की सोच के साथ छात्रों की भावनाओं की अभिव्यक्ति नजर आएगी।
प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों के लिए मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है। फैकल्टी ऑफ डिजाइन भवन के कोर्टयार्ड में ओपन स्टेज तैयार किया गया है, जो शाम साढ़े छह बजे से रात आठ बजे तक सक्रिय रहेगा। इस मंच पर छात्र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा।
कुलगुरु डॉ अमित आर्य के अनुसार ‘अभिव्यंजना’ का दायरा हर वर्ष बढ़ रहा है और यह छात्रों के विचारों व अभिव्यक्ति का सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी पांच मई से आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी और आठ मई तक जारी रहेगी।





