नैनीताल घूमने जा रहा ग्रेटर नोएडा का परिवार हादसे का शिकार, बच्चे की मौत

अमर सैनी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सादुल्लापुर गांव से नैनीताल घूमने के लिए घर से निकला एक परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया।घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दिल्ली के एम्स अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं पीड़ित स्वजन ने बच्चे के शव का अंतिम संस्कार गांव आकर किया।

सादुल्लापुर गांव निवासी दीपक उर्फ दीपू शर्मा पत्नी मीनाक्षी और दो जुड़वा बच्चों आयांश व वीयांश के साथ शुक्रवार सुबह नैनीताल घूमने के लिए निकला था। कार में दीपक का साला अंकित और उसकी पत्नी अर्चिता भी सवार थी। कार को ड्राइवर चला रहा था।मुरादाबाद स्थित तीर्थांकर महावीर विश्वविद्यालय (TMU) के समीप कार आगे चल रही गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर ट्राली में घुस गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया।उपचार के दौरान चिकित्सकों ने नौ वर्षीय आयांश को मृत घोषित कर दिया। घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। सूचना पाकर पीड़ित स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं, चिकित्सकों ने सभी घायलों को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। मीनाक्षी, वीयांश, अंकित और अर्चिता का दिल्ली के एम्स अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, दीपक शर्मा का ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित यथार्थ अस्पताल में उपचार चल रहा है।दीपक शर्मा दिल्ली में एक प्राइवेट संस्थान में कार्यरत हैं। जबकि उनकी पत्नी मीनाक्षी दिल्ली पुलिस में एसआइ के पद पर कार्यरत है। पूरा परिवार दिल्ली में ही रहता है। गांव में दीपक के पिता सुनील शर्मा व परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं। दर्दनाक हादसे की खबर के बाद गांव में मातम पसर गया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img