Noida Crime: घरेलू कलह ने ली दो जिंदगियां, पत्नी की चाकू से हत्या कर पति ने लगाई फांसी

Noida Crime: घरेलू कलह ने ली दो जिंदगियां, पत्नी की चाकू से हत्या कर पति ने लगाई फांसी
नोएडा के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सरस्वती कुंज कॉलोनी में रविवार रात घरेलू कलह ने एक दंपति की जान ले ली। यहां एक सुरक्षाकर्मी ने पहले अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर की रसोई में मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बिसरख कोतवाली पुलिस के अनुसार, एटा निवासी 35 वर्षीय अनिल अपनी पत्नी अनीता के साथ सरस्वती कुंज कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। अनिल एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था, जबकि उसकी पत्नी अनीता घरेलू सहायिका थी। दोनों ने करीब एक महीने पहले ही इस कॉलोनी में मकान किराए पर लिया था।
रविवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर अनिल ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अनीता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी पर 5 से 7 बार चाकू से हमला किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद अनिल ने खुद पर भी चाकू से वार किए, लेकिन जब उसकी मौत नहीं हुई तो उसने रसोई की खिड़की से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
रात में झगड़े की आवाजें सुनकर मकान मालिक को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर रसोई में पति-पत्नी के शव पड़े मिले। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अनिल और अनीता की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि संतान न होने की वजह से भी उनके बीच अक्सर विवाद होता था, हालांकि रविवार रात हुए झगड़े की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और उनसे पूछताछ कर मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





