Hapur News : कैंटर के पाइप में वेल्डिंग कर छिपाए थे पांच लाख, हापुड़ पुलिस ने फर्जी लूट का किया पर्दाफाश

Hapur News : हाफिजपुर थाना क्षेत्र से सामने आया पांच लाख रुपये की लूट का मामला फर्जी निकला। पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर लूटी बताई जा रही पूरी रकम बरामद कर ली है।

एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को पांच लाख रुपये की लूट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जब पुलिस ने शिकायतकर्ता से पूछताछ की तो उसकी बातों पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से जांचा।

जांच आगे बढ़ी तो गांव उबारपुर नाले के पास से गुलहसन नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। वह मूल रूप से बुलंदशहर के शिकारपुर थाना क्षेत्र के गांव रामपुर मानपुर का रहने वाला है। पूछताछ में उसने सच कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उस पर बहुत कर्ज है और लेनदार लगातार पैसे मांग रहे थे। इसी दबाव में उसने पांच लाख रुपये खुद ही छिपा दिए और पुलिस को लूट की झूठी कहानी सुना दी।

आरोपी ने पैसे छिपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उसने पांच लाख रुपये कैंटर के डाले में लगे लोहे के पाइप में डाल दिए और पाइप के मुंह पर वेल्डिंग करा दी ताकि किसी को पता न चले। पुलिस ने उसकी बताई जगह पर पाइप कटवाया तो अंदर से पूरी रकम निकल आई। पुलिस ने लूट की झूठी सूचना देने में इस्तेमाल मोबाइल फोन और कैंटर को भी कब्जे में ले लिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img