Greater Noida West protest: मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने के विरोध में सड़क पर उतरे 14 एवेन्यू सोसाइटी के निवासी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित 14 एवेन्यू सोसाइटी में पहली जनवरी से मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने के फैसले के विरोध में निवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को बड़ी संख्या में निवासियों ने सड़क पर उतरकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सोसाइटी में मूलभूत सुविधाएं पहले से ही सही ढंग से उपलब्ध नहीं हैं और इसके बावजूद मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाया जा रहा है।
निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिल्डर और प्रबंधन से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आरोप है कि दो दिनों तक धरना देने और 300 से अधिक ई-मेल भेजने के बावजूद भी प्रबंधन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इससे नाराज होकर निवासियों ने आम बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति तय की।
इसके बाद पहले गौड़ मेंटेनेंस कार्यालय और फिर सोसाइटी के मुख्य प्रवेश द्वार पर एकत्र होकर निवासियों ने एकजुटता के साथ विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस प्रशासन ने निवासियों को आश्वासन दिया कि गौड़ के कॉरपोरेट ऑफिस के सक्षम अधिकारियों और 14 एवेन्यू के प्रतिनिधियों के साथ आगामी दो दिनों के भीतर बैठक कराई जाएगी।
निवासियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि तय समय-सीमा में बैठक कर सार्थक समाधान नहीं निकाला गया, तो उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।


