Guru Tegh Bahadur Jayanti: श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व पर मुख्यमंत्री सुक्खू हुए शामिल

Guru Tegh Bahadur Jayanti: श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व पर मुख्यमंत्री सुक्खू हुए शामिल
मानवता, त्याग और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रतीक हैं श्री गुरु तेग बहादुर जी: मुख्यमंत्री

शिमला,  मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में श्री गुरु सिंह सभा शिमला द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भाग लिया। यह आयोजन श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व के उपलक्ष्य में किया गया था।

मुख्यमंत्री ने निभाई सेवा, किया सम्मानित समर्पण
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप को अपने शीश पर विराजमान कर पंडाल तक ले जाकर तख्त पर सुशोभित किया। उन्होंने इसे अपने जीवन का सम्मान और सौभाग्य बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी को एक महान योद्धा, आध्यात्मिक व्यक्तित्व और मातृभूमि के रक्षक के रूप में सदैव याद किया जाएगा।

गुरु तेग बहादुर जी के आदर्श मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सम्पूर्ण मानवता को श्री गुरु तेग बहादुर जी के महान आदर्शों, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके जीवन के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं और समाज में भाईचारे, समानता और त्याग की भावना को बढ़ावा देते हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे गुरु जी की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सकारात्मकता और दृढ़ता लाएं।

मुख्यमंत्री ने जत्थेदार को किया सम्मानित, मिला सिरोपा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जत्थेदार श्री अकाल तख्त श्री अमृतसर साहिब कुलदीप सिंह गडगज को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान श्री गुरु सिंह सभा शिमला के अध्यक्ष जसविंदर सिंह ने मुख्यमंत्री को सिरोपा भेंट किया और धन्यवाद ज्ञापन किया।

गणमान्य लोगों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन
कार्यक्रम में विधायक हरीश जनारथा और हरदीप सिंह बावा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img