Chandrashekhar Azad: कथित अभद्रता के विरोध में गौतमबुद्ध नगर में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

Chandrashekhar Azad: कथित अभद्रता के विरोध में गौतमबुद्ध नगर में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

नोएडा। गोंडा जिले में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ कथित अभद्रता और पुलिस के व्यवहार के विरोध में सोमवार को गौतमबुद्ध नगर में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और धरना देकर घटना के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर के पास एकत्र होकर प्रदर्शन शुरू किया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि गोंडा में चंद्रशेखर आजाद के साथ पुलिस की ओर से अनुचित व्यवहार किया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद निर्वाचित सांसद होने के साथ एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष हैं और उनके साथ कथित अभद्रता को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका गलत पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोंडा में हुई घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। संगठन ने मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आगे भी विरोध जारी रखने की बात कही।

प्रदर्शन में आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकुमार भाटी, भीम आर्मी जिलाध्यक्ष गोपाल दुबली, विधिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष संजीव सिंह एडवोकेट, जिला प्रभारी बुद्ध घोष एडवोकेट, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील भगवाना और मुख्य जिला प्रभारी डॉ. संजीव मौजूद रहे।

इसके अलावा बबित प्रधान, अनूप चौधरी, आशु जयंत, रामपाल, हरि सिंह, कीर्ति आजाद, अनिल लंकेश, हरिकिशन जयकर, राजकुमार गुरुजी, संदीप भट्टा, अभिषेक जाटव, ब्रजमोहन सिंह, वीरपाल और अनिल रामगढ़ समेत बड़ी संख्या में पार्टी एवं संगठन के कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img