Car Fire: नोएडा की सोसाइटी के बेसमेंट में कार में लगी आग, तीन गाड़ियां जलकर खाक
नोएडा। सेक्टर-39 स्थित गार्डन ग्लोरी सोसाइटी के बेसमेंट की पार्किंग में मंगलवार दोपहर एक कार में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पास खड़ी दो अन्य कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में तीन कारें जल गईं, हालांकि किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, सोसाइटी के बेसमेंट में एक कार पार्किंग में खड़ी थी। मंगलवार दोपहर अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते कार से तेज लपटें निकलने लगीं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास मौजूद लोगों के लिए उसके नजदीक जाना मुश्किल हो गया।
लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य साधनों की मदद से आग की लपटों को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इस दौरान पास में खड़ी दो अन्य कारें भी आग की चपेट में आ गईं।
घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और करीब 30 मिनट की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात रही कि आग पार्किंग में खड़ी अन्य गाड़ियों तक नहीं पहुंची।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मौके पर थाना सेक्टर-39 पुलिस भी पहुंची और घटना के संबंध में लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।


