राज्यबिहारराज्य

Bihar : खगड़िया में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

Khagaria (मृत्युंजय) : बिहार के खगड़िया जिले में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। फुलतोड़ा पुल के पास बाइक सवार अपराधियों ने युवक को ताबड़तोड़ पांच गोलियां मारीं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जिले के अलौली थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात से लोग दहशत में हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

मृतक की पहचान जंगली पटेल उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। वह पवन पटेल के पुत्र थे और ज्वालापुर वार्ड संख्या 23, पोस्ट मेघौना, थाना अलौली के निवासी थे। जानकारी के अनुसार जंगली पटेल ज्वालापुर बस स्टैंड पर किरानी का काम करते थे।

दो बाइक सवार अपराधी अचानक मौके पर पहुंचे और युवक पर गोलियां बरसा दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो देखा कि युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

वारदात की खबर मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही अलौली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

डीएसपी सदर मुकुल रंजन ने कहा कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। सभी बिंदुओं पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button