Census 2027 Self Enumeration: जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू, डीएम मेधा रूपम ने दिए जागरूकता अभियान के निर्देश
जनगणना-2027 के दूसरे चरण को शत-प्रतिशत पूरा कराने के लिए गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने 16 से 30 नवंबर के बीच होने वाली स्व-गणना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीएम मेधा रूपम ने अधिकारियों को स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in की जानकारी दी। उन्होंने चार्ज अधिकारियों से कहा कि वे आरडब्ल्यूए, सरकारी एवं प्राइवेट संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से बात कर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। साथ ही जनसभा, नुक्कड़ नाटक, रैलियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को स्व-गणना के प्रति प्रेरित करने के आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी कि संस्थानों, छात्रावासों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों को स्व-गणना से पहले चिह्नित कर वहां भी शत-प्रतिशत जनगणना कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गांव और शहरी क्षेत्रों में जनगणना के 40 प्रश्नों की जानकारी लोगों को समय से दे दी जाए।
डीएम ने कहा कि 16 नवंबर को स्व-गणना के पहले दिन एसई-आईडी दिखाते हुए फोटो खिंचवाई जाए। वार्ड और सोसायटी के सहयोग से जनगणना सहायता बूथ पर महत्वपूर्ण जानकारी भरी जाए। उन्होंने बताया कि सुपरवाइजर और प्रगणकों के पास एसई-आईडी न होने पर दोबारा जनगणना भी करनी पड़ सकती है। इसके अलावा प्राधिकरण के वाहनों में स्व-गणना संबंधी जागरूकता जिंगल और ऑडियो संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
बैठक में जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, डीआईओएस चंद्रशेखर, अभिमन्यु सिंह, जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार और उत्कर्ष पांडेय मौजूद रहे।





