Greater Noida Abadi Plot: सिरसा और डाढ़ा के 127 किसानों को दिवाली पर मिला छह फीसदी आबादी भूखंड का तोहफा
दिवाली के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सिरसा और डाढ़ा गांव के 127 किसानों को छह फीसदी आबादी भूखंड आवंटित कर बड़ी राहत दी है। शुक्रवार को प्राधिकरण की ओर से 88 समान आकार के भूखंडों का ड्रॉ निकाला गया, जबकि अलग-अलग आकार के 39 भूखंडों के आवंटन पत्र किसानों को जारी कर दिए गए। लंबे समय से आबादी भूखंड मिलने का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह दिवाली का तोहफा साबित हुआ है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह आवंटन प्रक्रिया पूरी कराई गई। एसीईओ सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व और एसीईओ सुमित यादव की मौजूदगी में ड्रॉ की प्रक्रिया संपन्न हुई। दरअसल, दोनों गांवों के किसानों की जमीन अधिग्रहित होने के बाद से छह फीसदी आबादी भूखंड आवंटन का मामला लंबित चल रहा था। किसानों ने इस संबंध में प्राधिकरण के सीईओ से भी गुहार लगाई थी, जिसके बाद संबंधित विभागों को जल्द आवंटन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण के ओएसडी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि सिरसा गांव के कुल 120 भूखंडों में से 81 समान आकार के भूखंड थे, जिनका आकार 40 वर्ग मीटर से लेकर 500 वर्ग मीटर तक है। शुक्रवार को इन भूखंडों का ड्रॉ कराया गया, जबकि शेष 39 अलग-अलग आकार के भूखंडों के आवंटन पत्र जारी कर दिए गए। वहीं डाढ़ा गांव के सात समान आकार वाले भूखंडों का भी ड्रॉ निकाला गया। इन किसानों को जल्द आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे।
एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि किसानों को छह फीसदी आबादी भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि डाढ़ा और सिरसा की तरह अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
इस दौरान प्रभारी महाप्रबंधक नियोजन सुधीर कुमार, सहायक महाप्रबंधक प्रमोद कुमार और प्रबंधक संदीप रावल सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।





