Noida Festive Security: त्योहारों पर पुलिस अधिकारियों ने की पैदल गश्त, ज्वैलर्स की दुकानों के सीसीटीवी कैमरे जांचे
त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नोएडा पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ज्वैलर्स की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। साथ ही दुकानदारों को सुरक्षा संबंधी जरूरी निर्देश भी दिए गए।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी नोएडा प्रीति यादव की ओर से यह अभियान चलाया गया। डीसीपी नोएडा ने सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने बाजारों में सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया और ज्वैलर्स की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध वाहनों की पहचान कर बैरिकेडिंग लगाकर उनकी जांच की जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी। इस दौरान अधिकारियों ने बाजार में मौजूद महिलाओं और बुजुर्गों से भी बातचीत की। सोने के आभूषणों के कारोबारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों ने पहले ही उनके साथ बैठक कर ली थी।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, ताकि संदिग्धों पर नजर रखी जा सके। शहर के प्रमुख बाजारों में शुक्रवार को भारी भीड़ रही और लोगों ने जमकर खरीदारी की।





