
Madhubani (मृत्युंजय) : नेपाल के सुनसरी जिले में रविवार को दो समुदायों के बीच हुई हिंसा और एक व्यक्ति की मौत के बाद कई जिलों में प्रदर्शन और आगजनी की घटनाएं हुईं। स्थिति को देखते हुए नेपाल के कई जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। मधुबनी जिले से सटे नेपाल के धनुषा और सिरहा सहित मधेश प्रदेश के कई इलाकों में अनिश्चितकाल तक कर्फ्यू लागू किया गया है।
सिरहा के गोलबाजार में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज जारी है। सिरहा के एक मॉल में आगजनी की गई और कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। धनुषा और जनकपुर में भी प्रदर्शन जारी हैं।
नेपाल में बढ़ते तनाव के मद्देनजर मधुबनी जिले के जयनगर बॉर्डर क्षेत्र से नेपाल के जनकपुर और बिजलपुरा तक चलने वाली नेपाली ट्रेन का परिचालन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। जयनगर स्थित नेपाली स्टेशन पर ट्रेन को एसएसबी और आरपीएफ-जीआरपी की सुरक्षा में खड़ा किया गया है।
सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसएसबी और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। अधिकारियों ने बॉर्डर पर निगरानी तेज कर दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





