Parking Dispute: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पार्किंग विवाद पर रेजिडेंट से मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

Parking Dispute: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पार्किंग विवाद पर रेजिडेंट से मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज-1 सोसाइटी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद एक रेजिडेंट से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान उसे बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई।
बिसरख थाना क्षेत्र निवासी जयप्रकाश शर्मा के अनुसार, घटना 19 जुलाई की शाम की है। उनकी कार की बैटरी खराब हो गई थी और वह उसे ठीक कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कार को कुछ समय के लिए सोसाइटी निवासी रजत की पार्किंग में खड़ा कर दिया था।
जयप्रकाश का आरोप है कि रजत के वहां पहुंचने के बाद पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। उन्होंने कार हटाने की बात कही, लेकिन विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रजत ने फोन कर कुछ लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीन-चार लोगों ने जयप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि मारपीट में उनके कान में चोट लगी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जयप्रकाश का आरोप है कि उन्होंने घटना के बाद पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन उस समय केवल एनसीआर दर्ज की गई और किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
पीड़ित ने पुलिस पर मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला दोबारा चर्चा में आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





