आशा बहनों को सात महीने से वेतन नहीं मिला, जिलाधिकारी से की शिकायत

अमर सैनी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जेवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात आशा कार्यकर्ताओं को पिछले 7 महीने से वेतन नहीं मिला है। जिसको लेकर उन्होंने सोमवार को जिलाधिकारी से इस मामले की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए सीएमओ को तत्काल प्रभाव से आशा कार्यकर्ताओं का वेतन देने के निर्देश दिए।
आशा कार्यकर्ताओं ने कुछ महीने पहले स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की शिकायत की थी और तब से उनका वेतन रोक दिया गया था।

जेवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात आशा ओम कवर ने बताया कि वह और उनकी अन्य सहकर्मी इसी स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात हैं। यहां पर एक स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी और एक अन्य अधिकारी भी तैनात हैं। जो लगातार उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के साथ अश्लील हरकतें और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। जब उन्होंने इनकी शिकायत की तो उन्होंने नौकरी से निकालने की धमकी भी दी। आशा कार्यकर्ताओं ने इसकी शिकायत दूसरे अधिकारी से की।

आशा कार्यकर्ताओं का वेतन जल्द जारी करने के निर्देश
आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि शिकायत करने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात आशा कार्यकर्ताओं का वेतन रोक दिया गया। पिछले सात महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है। इसको लेकर वह कई जगह शिकायत भी कर चुकी हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को वह सभी एकत्र होकर जलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने इस मामले का तत्काल संज्ञान लिया और सीएमओ से इस पूरे मामले पर बात की। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं का वेतन जल्द से जल्द जारी करने के निर्देश भी दिए।

एचईओ का किया तबादला
इस पूरे मामले पर एडीएम अतुल कुमार ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात कुछ आशा कार्यकर्ताओं ने एचईओ और बीसीपीएम की शिकायत की थी। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद ही एचईओ का तबादला कर दिया गया है। जबकि दूसरे अधिकारी को किसी से अभद्रता न करने की हिदायत दी गई है। साथ ही कुछ आशा कार्यकर्ताओं को कई महीनों से वेतन नहीं मिला था। इसको लेकर भी सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं कि जांच कर जल्द ही उन आशा कार्यकर्ताओं का वेतन दिलाया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img