Greater Noida PNB Protest: ऐच्छर पीएनबी शाखा के बाहर किसानों का प्रदर्शन, 16 खाताधारकों को रकम वापस
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ऐच्छर शाखा में करोड़ों रुपये के कथित गबन का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है. सोमवार, 2 नवंबर को पीड़ित खाताधारकों के समर्थन में किसानों ने बैंक के बाहर पंचायत आयोजित की. इसमें किसान नेता बृजेश भाटी ने प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व किया. पंचायत में प्रभावित खाताधारकों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए. सभी ने बैंक प्रबंधन से जल्द से जल्द लोगों की जमा पूंजी लौटाने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई.
किसान नेता बृजेश भाटी ने कहा कि बैंक घोटाले के कारण कई खाताधारक लंबे समय से परेशान हैं. कुछ लोगों को उनकी रकम वापस मिल चुकी है, लेकिन बड़ी संख्या में प्रभावित लोग अभी भी अपने पैसों का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय नजदीक है और लोगों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए पैसों की आवश्यकता है. ऐसे में बैंक प्रबंधन को जल्द समाधान निकालकर सभी पीड़ितों की जमा रकम वापस करनी चाहिए. बृजेश भाटी ने कहा कि इस पूरे घोटाले में जिन भी बैंक कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से हो और केवल छोटे कर्मचारियों पर जिम्मेदारी डालकर बड़े अधिकारियों को बचाया नहीं जाए. किसान नेता ने चेतावनी दी कि यदि खाताधारकों को जल्द न्याय और उनकी पूरी रकम नहीं मिलती है तो किसान आंदोलन को और व्यापक करेंगे. जरूरत पड़ने पर दिल्ली में भी प्रदर्शन किया जाएगा.
पंचायत के दौरान प्रदर्शनकारी बैंक के बाहर नारेबाजी करते रहे. इसी बीच कुछ लोग बैंक परिसर के अंदर भी पहुंच गए और वहां विरोध जताया. प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की. अधिकारियों ने बताया कि खाताधारकों की रकम लौटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. बैंक की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद धीरे-धीरे अन्य प्रभावित लोगों के खातों में भी पैसे वापस भेजे जाएंगे.
पुलिस के मुताबिक, अब तक 16 खाताधारकों की रकम वापस की जा चुकी है. करोड़ों रुपये के गबन से जुड़े इस मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है. पुलिस अधिकारियों ने किसानों और पीड़ित खाताधारकों को भरोसा दिलाया कि बैंक प्रबंधन सभी प्रभावित लोगों की रकम लौटाने का आश्वासन दे चुका है. बैंक की ओर से जमा राशि ब्याज सहित वापस करने की बात कही गई है. अधिकारियों ने खाताधारकों से धैर्य बनाए रखने और जांच पूरी होने तक सहयोग करने की अपील की.





