Noida Animal Crematorium: फोनरवा ने मृत पशुओं के लिए आधुनिक शवदाह केंद्र बनाने की मांग की
नोएडा। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) ने मृत आवारा एवं पालतू पशुओं के पर्यावरण-अनुकूल अंतिम संस्कार के लिए आधुनिक पशु शवदाह केंद्र स्थापित करने की मांग की है। फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा एवं महासचिव के.के. जैन ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र लिखकर यह मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि नोएडा में मृत पशुओं के शवों का समयबद्ध एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना आवश्यक है। कई बार उचित व्यवस्था के अभाव में मृत पशुओं के शव सार्वजनिक स्थलों अथवा आवासीय क्षेत्रों में पड़े रहने से दुर्गंध, गंदगी, संक्रमण की आशंका एवं पर्यावरण प्रदूषण जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
उनकी मांग है कि पर्यावरण-अनुकूल पशु शवदाह केंद्र स्थापित किया जाए। इसके लिए उपयुक्त स्थान का चयन, मशीन की तकनीकी क्षमता एवं प्रदूषण नियंत्रण मानकों का परीक्षण तथा आवश्यक बजट एवं परियोजना प्रस्ताव तैयार कराया जाए।
ग्रेटर नोएडा के सुथ्याना में अवैध निर्माण पर चला प्राधिकरण का चाबुक, 19 करोड़ की जमीन कराई मुक्त नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने सोमवार को सुथ्याना में अवैध निर्माण के खिलाफ एक बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों के अवैध कब्जे से करीब 9,500 वर्ग मीटर जमीन को पूरी तरह मुक्त करा लिया गया है। प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित और कब्जा प्राप्त की जा चुकी इस बहुमूल्य जमीन की अनुमानित कीमत करीब 19 करोड़ रुपये बताई गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिग्रहित और कब्जा प्राप्त इस जमीन पर कॉलोनाइजर अवैध निर्माण कराकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। प्राधिकरण को जब इस बात की सूचना मिली, तो तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई गई। सोमवार को प्राधिकरण के दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और 19 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन खाली करा ली। पूरी कार्रवाई ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के कड़े निर्देशों के तहत अमल में लाई गई। प्राधिकरण की टीम ने सुथ्याना गांव में स्थित खसरा संख्या 798, 810, 815, 816 और 817 की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया।
इस ध्वस्तीकरण अभियान का विवरण देते हुए प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि कार्रवाई का नेतृत्व परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम ने किया। इस टीम में प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और वर्क सर्किल-4 के सदस्य शामिल थे, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत बिल्कुल नहीं दी जाएगी।
एसीईओ सुमित यादव ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोग कोई भी जमीन खरीदने से पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से संपर्क करें। नागरिक जमीन की पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही कोई सौदा करें और अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई न फंसाएं।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध रूप से अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, अधिसूचित क्षेत्र में सरकारी व अधिग्रहित जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों और अवैध निर्माण कराने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
