Hapur News : हापुड़ के बृजघाट गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बुधवार शाम करीब पांच बजे जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मेला मैप के जरिए व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी विभागों को कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बृजघाट, खादर घाट और ललित घाट पर स्नान घाटों की क्षमता देखी। साथ ही मुख्य सड़कों, वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों के रोड मैप का भी अवलोकन किया गया ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात को व्यवस्थित रखा जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले के प्रवेश द्वारों पर बड़े होर्डिंग्स लगाए जाएंगे जिनमें घाटों, रास्तों और जरूरी सुविधाओं की जानकारी होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि यातायात और सुरक्षा का प्लान मेला मैप के अनुसार ही तैयार किया जाए। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस चौकी, कंट्रोल रूम, चिकित्सा शिविर, खोया पाया केंद्र, अग्निशमन केंद्र और पेयजल प्वाइंटों के स्थान भी देखे गए।
जिलाधिकारी कविता मीना ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं मैप के अनुसार समय से पूरी कराई जाएंगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि व्यवस्थाओं को धरातल पर सुनिश्चित किया जाए। मेले के दौरान सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था रहेगी।


