उत्तर प्रदेश, नोएडा: सड़क, स्टेडियम और सोसायटियों में मिली लापरवाही, अवर अभियंता और स्वास्थ्य निरीक्षक का वेतन रोकने के निर्देश

अमर सैनी
उत्तर प्रदेश, नोएडा।नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने सोमवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर औचक निरीक्षण किया और इस दौरान उन्होंने सड़कों से लेकर नोएडा स्टेडियम और अन्य सेक्टर में पाई गई कमियों पर अवर अभियंता और स्वास्थ्य निरीक्षक के कार्यों में लापरवाही को देखते हुए उनका एक महीने का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा काम में लापरवाही करने वाली कंपनी पर 5 लाख का जुर्माना भी लगाया।

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने सोमवार को शहर के प्रमुख क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-136, 137, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम का दौरा कर साफ-सफाई, निर्माण कार्यों और अनुरक्षण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत सेक्टर-137 के टी-प्वाइंट से हुई, जहां पहले दिए गए सौंदर्यीकरण एवं ट्रैफिक सुधार के निर्देशों के बावजूद कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

सीईओ ने यहां घिसी हुई पेवर ग्रास टाइल्स और अन्य घटिया निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताई तथा संबंधित अवर अभियंता का एक माह का वेतन काटने के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने एनजीटी एवं शासन के आदेशों के अनुसार ही टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, टी-प्वाइंट पर भारी मात्रा में कूड़ा एकत्र मिला और सेक्टर-136 व 137 में कोई सफाई कर्मचारी उपस्थित नहीं पाया गया। इस लापरवाही पर संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक के वेतन में एक माह की कटौती के निर्देश दिए गए।
अपने अगले चरण के निरीक्षण में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और आने वाले समय में होने वाली ड्रेनेज की समस्याओं को लेकर उन्होंने पाया कि विभिन्न सोसायटियों का सीवरेज और बिना ट्रीटमेंट का जल सीधे नालों में बहाया जा रहा है। इस पर सीईओ ने संबंधित सोसाइटियों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। लोकेश एम ने निरीक्षण के दौरान फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर अवांछित निर्माण सामग्री पाई, जिसे तत्काल हटवाने को कहा गया। वहीं, एक्सप्रेस-वे के सेंट्रल वर्ज पर जारी पेंटिंग कार्य की धीमी प्रगति और घटिया गुणवत्ता पर कांट्रेक्टर कंपनी पर 5 लाख की पेनल्टी लगाई गई। उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह में कार्य सुधार नहीं हुआ तो कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद वे अधिकारियों के साथ सेक्टर-18 फ्लाईओवर पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने धूमिल हो चुके पेंट को दोबारा करवाने और एमपी-2 मार्ग पर बनी एलिवेटेड रोड की नियमित सफाई के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के अंत में सीईओ ने सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम का दौरा किया। वहां पार्किंग लॉट की खराब स्थिति, क्षतिग्रस्त जाल और अत्यंत दयनीय सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए। स्टेडियम की सफाई अगले 24 घंटे में पूरी कराने के आदेश दिए गए।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img