उत्तर प्रदेश, नोएडा: नामी होटलों के बिजली और पानी का कनेक्शन कटेगा, दुरुस्त न करने पर सील होने का भी खतरा

अमर सैनी

उत्तर प्रदेश, नोएडा।गौतमबुद्ध नगर फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट की जांच में 29 नामी होटलों में कमियां पाई गई हैं। इन सभी होटलों में फायर से जुड़े ज्यादातर उपकरण खराब पाए गए हैं। जिसके बाद फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट की तरफ से संबंधित डिपार्टमेंट को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि अगर तय समय में इन कमियों को दुरुस्त नहीं किया गया तो बिजली अरैर पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बाद होटलों को सील करने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
जिले के अंदर कुछ होटलों में आग लगने की घटनाएं होने पर जांच में पता चला कि इन होटलों में आग से बचने के समुचित इंतजाम नहीं थे। इसके बाद अग्निशमन विभाग ने तीन दिवसीय अभियान चलाकर होटलों में अग्नि सुरक्षा की जांच की। इसके लिए तीन टीमें बनाई गई। फिर तीनों जोन में एक-एक टीम को निरीक्षण के लिए लगाया गया। इतना ही नहीं विभाग ने इन लोगों को कुछ दिन तक सुरक्षा के इंतजाम करने का अल्टीमेटम दिया था। इसके बावजूद ये लोग लापरवाही बरत रहे थे। करीब 45 होटलों में फायर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की थी। जिसमें से 29 होटल मानकों पर खरे नहीं उतरे। अब डिपार्टमेंट 29 दिसंबर तक बिजली-पानी की सप्लाई बंद कर देगा और 15 जनवरी से पहले होटलों को सील किया जा सकता है।

29 होटलों के पास फायर एनओसी नहीं
डिपार्टमेंट की जांच में इन सभी होटलों में प्रवेश और निकास के लिए एक ही सीढ़ी थी। इससे आपदा के दौरान लोगों को निकालना मुश्किल हो सकता है। इन होटलों में अग्नि सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा के इंतजाम नहीं पाए गए। साथ ही इन लोगों के पास संपत्तियों को आग के खतरे से बचाने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। इसके बाद जब विभाग के अधिकारी ने फायर एनओसी मांगी तो 29 होटल मालिकों ने बताया कि उनके पास एनओसी नहीं है। इसके बाद ही इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर जिले में 45 होटलों की अग्नि सुरक्षा जांची गई। इसमें 29 होटल अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनके खिलाफ बिजली विभाग और जलकल विभाग को पत्र लिखा गया है। जल्द ही पानी और बिजली की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। इसके बाद होटलों को सील कर दिया जाएगा।

Read More: Delhi Crime: दिल्ली पुलिस ने फर्जी वीजा गिरोह का किया भंडाफोड़, सैकड़ों लोगों को बनाया है शिकार

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img