लड़की की मीठी बातों में आकर व्यक्ति को लगा लाखों रुपये का झटका

अमर सैनी

नोएडा। थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-51 में रहने वाले एक व्यक्ति को लड़की की मीठी बातों में आकर लाखों रुपये का झटका लगा है। दरअसल, व्यक्ति ने ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया था। इस बीच एक लड़की ने उन्हें कॉल किया और अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवाने का लालच देकर अज्ञात साइबर खाते से 4,40,850 रुपये निकाल लिए।
सेक्टर 51 में रहने वाले मनीष कुमार मित्तल पुत्र बजरंग लाल गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने एक सप्ताह पहले फेसबुक के जरिए अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया था। पीड़ित के मुताबिक 28 अगस्त को सुबह उसके पास एक लड़की का फोन आया। उसने खुद को अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक की कर्मचारी बताया। लड़की ने उससे कहा कि आपका आवेदन हमें मिल गया है। आपका क्रेडिट कार्ड स्वीकृत हो गया है। उसके लिए केवाईसी करानी होगी। उसने कहा कि मैं फोन काटकर वीडियो कॉल कर रही हूं। आप फोन उठा लीजिए।

ऐसे लगाया चूना
पीड़ित उसकी बातों में आ गया और उसने लड़की द्वारा की गई वीडियो कॉल पर बात की। उसे गूगल क्रोम पर एक एप्लीकेशन सर्च करने को कहा गया, उसमें एक फॉर्म था। उसने उसमें अपनी डिटेल भर दी। पीड़ित के मुताबिक उसने फॉर्म भरकर सबमिट कर दिया। आरोपी ने उससे उसके मौजूदा क्रेडिट कार्ड की फोटो मांगी और उसका नंबर व सीवीवी मिटाने को कहा। उसने वैसा ही किया। आधार कार्ड भी अपलोड कर दिया। जालसाज ने उसे अपनी बातों में उलझाए रखा। उसने कहा कि आपका आवेदन स्वीकृत हो रहा है। इस काम में 20 से 25 मिनट लग सकते हैं। पीड़ित को शक हुआ और उसने वीडियो कॉल डिस्कनेक्ट कर अपना मोबाइल चेक किया तो पता चला कि उसके खाते से कुछ ही देर में चार लाख 40 हजार 850 रुपये निकल गए हैं। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि व्यक्ति की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की आगे की जांच साइबर क्राइम पुलिस द्वारा की जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img