अमर सैनी
नोएडा। विद्युत निगम के नए अभियंताओं की आईडी न बनने से उपभोक्ताओं के साथ अभियंताओं की भी परेशानी बढ़ती जा रही है। पुराने अभियंताओं की आईडी में भी तकनीकी दिक्कत है। इससे विभाग के ऑनलाइन कार्य नहीं हो पा रहे हैं। उपभोक्ताओं के रोजमर्रा के कार्य भी अटके हुए हैं।
जिले में विद्युत निगम के जेई से लेकर मुख्य अभियंता तक सभी बदल दिए गए हैं। ज्यादातर नए अभियंता आ गए हैं। जेई स्तर पर अभियंताओं का एक-दूसरे के क्षेत्रों में तबादला भी हो गया है। ऐसे में कुछ अभियंताओं की आईडी नहीं बन पाई है। जिनकी आईडी बन गई है, उनमें तकनीकी दिक्कत आ रही है। ऐसे में विद्युत निगम के अभियंता रोजमर्रा के कार्य नहीं कर पा रहे हैं। सदरपुर कॉलोनी के उपभोक्ता अभिषेक ने बताया कि वह गलत बिजली बिल सही कराने के लिए उपकेंद्र गए थे। निगम के अभियंताओं की आईडी में दिक्कत होने से बिल सही नहीं हो पा रहा है। ऐसी ही दिक्कत सेक्टर-125 रायपुर गांव के उपभोक्ताओं को हो रही है। कनेक्शन का लोड बढ़ाने के लिए आवेदन किया गया है। पिछले एक सप्ताह से लोड नहीं बढ़ा है। इंजीनियरों के तबादले के कारण परेशानी आ रही है। विद्युत निगम में तबादलों की स्थिति सामान्य होने के बाद ही उपभोक्ताओं के ऑनलाइन कार्य हो सकेंगे।


