Hapur News : हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में देर रात गंगा स्नान के लिए जा रहे एक परिवार के साथ बड़ा हादसा हो गया। पुराने हाईवे पर फरीदपुर फाटक से करीब 200 मीटर आगे गढ़मुक्तेश्वर की ओर जा रहे ई-रिक्शा को पीछे से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे की सूचना पीआरवी के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद सिंभावली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ई-रिक्शा में सवार सभी छह लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने सभी को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
घायलों की पहचान हापुड़ नगर कोतवाली की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी संदीप, उनकी पत्नी पिंकी, संदीप के भाई अमित, अमित की पत्नी निशा, आदेश और सावित्री के रूप में हुई है। सभी लोग ब्रजघाट में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार घायलों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


