Hapur News : हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास ग्राम रहमतपुर जखैड़ा में ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के वक्त रहमतपुर जखैड़ा निवासी 30 साल का जितेंद्र अपनी 28 वर्षीय पत्नी शशि के साथ बाइक पर सवार था। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से गढ़मुक्तेश्वर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने दोनों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेरठ में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। दंपती की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


