Greater Noida: ग्रेटर नोएडा कलेक्ट्रेट परिसर में निकला सांप, वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित जिला कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को सांप निकलने से वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सांप कलेक्ट्रेट परिसर के गार्डन एरिया में दिखाई दिया, जिसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। गार्डन एरिया में काफी हरियाली होने के कारण सांप को तलाशने और पकड़ने में टीम को काफी परेशानी हुई। सांप हरियाली के बीच छिपने की कोशिश कर रहा था, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन कुछ समय तक मुश्किल बना रहा।
इसी दौरान एक फौजी भी मौके पर पहुंच गया। सामने आई जानकारी के मुताबिक, फौजी ने सांप को अपने पैर से दबाकर नियंत्रित कर लिया। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम सांप को अपने साथ ले गई और उसे जंगल में छोड़ दिया। सांप के कलेक्ट्रेट परिसर में निकलने के कारण कुछ समय तक वहां गहमागहमी का माहौल रहा। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।


