Firing Case: मुरादगढ़ी गांव में दो लोगों को गोली मारने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के मुरादगढ़ी गांव में दो लोगों को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। शनिवार शाम करीब छह बजे पुलिस ने आरोपी प्रिंस को तिरथली-फलैदा कट के पास से पकड़ा। इस मामले में कुल 12 लोगों को नामजद किया गया था। इनमें से कई आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
मुरादगढ़ी गांव निवासी विक्की ने 13 अगस्त को रबूपुरा पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक 12 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे बंटी उर्फ मलिंगा, बबलू, अक्षय उर्फ अक्की, कुश, दीपक, प्रिंस, राहुल, भूपेंद्र उर्फ भूपन और भजन समेत अन्य आरोपी उनके घर पहुंचे थे।
आरोप है कि इसी दौरान हुए विवाद में आरोपियों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से शिकायतकर्ता विक्की के पिता हीरी सिंह और गांव निवासी मनीष घायल हो गए थे। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सबसे पहले अक्षय उर्फ अक्की और दीपक को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 16 अगस्त को नगला हुकम सिंह के पास पुलिस की बंटी उर्फ मलिंगा और बबलू से मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया था।
कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक शनिवार को पुलिस टीम तिरथली-फलैदा कट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मामले में वांछित आरोपी प्रिंस वहां दिखाई दिया। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर आरोपी जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
आरोपी प्रिंस की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे घटना और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में नामजद अन्य फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एसीपी जेवर राजीव सिसोदिया के मुताबिक मामले में फरार चल रहे बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्यों और गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।


