Ramleela Bhoomi Pujan: सेक्टर-46 में भूमि पूजन और ध्वजारोहण के साथ रामलीला की तैयारियां शुरू, 11 से 22 अक्टूबर तक होगा मंचन
रिपोर्ट: अजीत कुमार
नोएडा। सेक्टर-46 स्थित रामलीला मैदान में शुक्रवार को श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी की ओर से आगामी रामलीला मंचन के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन और हवन का आयोजन किया गया। भूमि पूजन के बाद ध्वजारोहण किया गया और इसी के साथ इस वर्ष होने वाली रामलीला की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
कार्यक्रम में नोएडा विधायक पंकज सिंह, भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता और श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल समेत कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और शहर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
हवन और पूजन के दौरान भगवान श्रीराम से रामलीला के सफल आयोजन के साथ शहरवासियों के सुख और समृद्धि की कामना की गई। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी रामलीला को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।
श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी की ओर से इस वर्ष 11 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक रामलीला का आयोजन किया जाएगा। भूमि पूजन के साथ मैदान में आयोजन से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दर्शकों के लिए मंच, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को तैयार किया जा रहा है।
विधायक पंकज सिंह ने कहा कि रामलीला सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श सत्य, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कमेटी को आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शहरवासी रामलीला देखने पहुंचेंगे।
कमेटी अध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने कहा कि भूमि पूजन और ध्वजारोहण के साथ इस वर्ष की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कमेटी दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित आयोजन की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास रहेगा।
भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि रामलीला धार्मिक आयोजन होने के साथ संस्कृति और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और मर्यादा का संदेश पहुंचता है।
पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, सेवा, सत्य और कर्तव्य का संदेश देता है। रामलीला मंचन के माध्यम से इन आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान कमेटी के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अमित त्यागी, महेश अवाना, विकास जैन, डॉ. वीके गुप्ता, अशोक श्रीवास्तव, डॉ. एसपी जैन, धर्मेंद्र चौहान, संजय गोयल, विकास बंसल, राजेंद्र जैन, पूनम सिंह, प्रज्ञा पाठक शर्मा, राकेश यादव, मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव, सतपाल यादव, गणेश जाटव, सपा नेता मनोज चौहान, त्रिलोक शर्मा, गौरव चाचरा, सौरभ गोविल, नरेंद्र चोपड़ा, संजय जैन, राजीव गर्ग, राजीव त्यागी, वीरेंद्र मेहता, एनपी सिंह, आलोक द्विवेदी, राजकुमार तंवर, रविकांत मिश्रा, ओमवीर अवाना समेत बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग, कमेटी सदस्य और पत्रकार मौजूद रहे।


