Hapur News : हापुड़ में छिजारसी टोल पर परिवहन विभाग ने पकड़े 18 पुराने वाहन, स्क्रैप के लिए भेज

Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र में परिवहन विभाग ने पुराने वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छिजारसी टोल प्लाजा पर चले सघन चेकिंग अभियान के दौरान विभाग ने 18 एंड ऑफ लाइफ वाहनों को कब्जे में लेकर स्क्रैपिंग के लिए भेज दिया।

यह कार्रवाई वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के बाद परिवहन विभाग लगातार ऐसे वाहनों पर कार्रवाई कर रहा है जो तय समय सीमा पूरी कर चुके हैं और ज्यादा प्रदूषण फैला रहे हैं।

गुरुवार को हुई इस चेकिंग में परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम के साथ यातायात पुलिस और अधिकृत स्क्रैपिंग सेंटर के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान भारत स्टेज-3 और उससे नीचे के मानक वाले वाहनों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया और नियमानुसार उन्हें रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी को सौंप दिया गया।

विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को खुद ही अधिकृत सेंटर पर स्क्रैप कराएं ताकि उन्हें सरकारी योजना का लाभ मिल सके। यह जानकारी एआरटीओ प्रवर्तन रमेश चौबे ने दी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img