Restaurant Coffee Complaint: ग्रेनो वेस्ट के रेस्तरां में कॉफी पीने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी, खाद्य विभाग करेगा जांच
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक नामी रेस्तरां में कॉफी पीने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कॉफी पीने के कुछ समय बाद युवक को उल्टी और तेज बुखार की शिकायत हुई। इसके बाद परिजन रेस्तरां पहुंचे और कॉफी के इस्तेमाल किए गए पाउच की जांच की तो उस पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट स्पष्ट नहीं मिली। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवक और उसके परिजन रेस्तरां प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि कॉफी पीने के बाद युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्होंने इस्तेमाल किए गए उत्पाद की जानकारी जानने की कोशिश की।
परिजनों के मुताबिक जब वे रेस्तरां पहुंचे तो कॉफी तैयार करने में इस्तेमाल किए जाने वाले पाउच की जांच की। आरोप है कि पाउच पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। इसी को लेकर उन्होंने रेस्तरां के मैनेजर से सवाल किया और उत्पाद की गुणवत्ता तथा वैधता के संबंध में जानकारी मांगी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत करने पर रेस्तरां के मैनेजर ने उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया और कथित तौर पर अभद्रता की। वायरल वीडियो में कर्मचारियों पर शराब के नशे में सर्विस करने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस और खाद्य विभाग से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता और उनकी पैकेजिंग की जांच की जानी चाहिए।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि देर रात सोशल मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है। खाद्य विभाग की टीम रेस्तरां से कॉफी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजेगी। इसके अलावा मौके पर उपलब्ध सामग्री और संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि सैंपल रिपोर्ट और मौके की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित रेस्तरां के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में पीड़ित पक्ष के आरोपों और खाद्य विभाग की जांच पर नजर है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कॉफी की गुणवत्ता या अन्य किसी कारण से युवक की तबीयत बिगड़ी थी।


