Greater Noida: समाजसेवी महिला को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी, दनकौर पुलिस ने शुरू की जांच
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र स्थित दनकौर कस्बे की एक समाजसेवी महिला ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर दनकौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता सीमा सूर्यवंशी का कहना है कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लगातार उठाती हैं। उनका आरोप है कि इसी से नाराज एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
सीमा सूर्यवंशी ने दनकौर कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग के जरिए महिलाओं को डराने-धमकाने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
दनकौर पुलिस ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट की जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
