Noida Accident: ट्रांसफार्मर में उतरे करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार का इकलौता बेटा था दिव्यांशु
Noida Accident: ट्रांसफार्मर में उतरे करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार का इकलौता बेटा था दिव्यांशु
नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स में एक दर्दनाक हादसे में ट्रांसफार्मर में उतरे करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना रविवार शाम की है, जब किशोर अपने दोस्त के साथ खेलते-खेलते ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, औरैया जिले के उस्मानपुरा निवासी अमर सिंह फेज-2 स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वह अपने परिवार के साथ नयागांव में किराए के मकान में रहते हैं। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा दिव्यांशु था। रविवार शाम दिव्यांशु अपने एक दोस्त के साथ घर से घूमने निकला था। खेलते-खेलते दोनों होजरी कॉम्प्लेक्स के सी-ब्लॉक स्थित एक कंपनी के बाहर रखे ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गए।
बताया गया कि दिव्यांशु ट्रांसफार्मर के पास पड़ा कोई सामान उठाने का प्रयास कर रहा था, तभी उसमें उतरे करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। घटना से घबराकर उसका दोस्त मौके से भाग गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पहले बिजली की लाइन बंद कराई। इसके बाद गंभीर रूप से घायल दिव्यांशु को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में किशोर के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में परिजन उसे तलाशते हुए पुलिस के पास पहुंचे, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि दिव्यांशु परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी सबसे बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, दूसरी बहन नौकरी करती है, जबकि दो छोटी बहनें पढ़ाई कर रही हैं। बेटे की असमय मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।




