Greater Noida: परिवार पर फायरिंग करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद
ग्रेटर नोएडा में एक परिवार पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला एक जून को दर्ज मुकदमे से जुड़ा है, जिसमें आरोपी पर घर में घुसकर पीड़ित परिवार पर फायरिंग करने का आरोप था। शनिवार को कार्रवाई करते हुए बुलंदशहर के खुर्जा देहात निवासी केशव राणा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद होने पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ पहले से मारपीट तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।


