
Patna (मृत्युंजय) : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा शनिवार को पटना एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छात्र प्रदर्शन को लेकर अपनी राय रखी।
आशुतोष राणा ने कहा कि जो छात्र प्रोटेस्ट कर रहे हैं वे अपनी इच्छाओं को प्रकट कर रहे हैं और उनकी बात सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये हमारे देश के युवा हैं। जब युवा अपनों से ही अपनी बात नहीं रख सकेंगे तो फिर किससे रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन दो तरीके के होते हैं, एक आंदोलन जो कुछ दिनों के लिए होता है और दूसरा क्रांति। छात्र अपनी बात कह रहे हैं, इसका मतलब है कि वे जागने की कोशिश कर रहे हैं कि आप हमारी बात सुनें। इसका मतलब यह नहीं है कि वे विरोध कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब घर में बच्चे गार्जियन से अपनी बात कहते हैं तो परिवार के बड़े लोगों को उनकी बात सुननी चाहिए।
कंगना रनौत को लेकर पूछे गए सवाल पर आशुतोष राणा ने कहा कि शेर दहाड़ता है, हाथी चिंघाड़ता है और कुत्ता भौंकता है। हमारे यहां कहावत है कि अपनी बातों की मर्यादा रखनी चाहिए, नहीं तो उसके नतीजे अलग होते हैं।