Noida Crime: व्हाट्सएप ग्रुप की कहासुनी खूनी झगड़े में बदली, युवक पर लाठी-डंडों से हमला, 4 गिरफ्तार
नोएडा के दादरी क्षेत्र में व्हाट्सएप ग्रुप पर बिजली आपूर्ति को लेकर हुई बहस हिंसक झगड़े में बदल गई। मामूली कहासुनी के बाद आधा दर्जन से अधिक युवकों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बडपुर गांव निवासी संकित भाटी और आदित्य भाटी एक ही व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े थे। गांव में बिजली कटौती को लेकर चैट के दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो गाली-गलौज तक पहुंच गया। बाद में जब संकित गांव की ओर जा रहा था, तभी मिहिर भोज इंटर कॉलेज के पास आदित्य अपने साथियों के साथ पहुंचा और उस पर लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


