Cyber Crime: अमेजन-फ्लिपकार्ट के पार्सल बदलने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 75 लाख का सामान बरामद
नोएडा। नोएडा पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 75 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के महंगे पार्सलों को डिलीवरी के दौरान बदल देता था। ग्राहकों तक नकली या कम कीमत वाला सामान पहुंचाया जाता था, जबकि असली उत्पाद बाजार में बेच दिए जाते थे।
थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी ने सेक्टर-69 स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर वासिद खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और रघुराज सिंह को गिरफ्तार किया। मौके से 50 बोरे और 50 कार्टन बरामद किए गए, जिनमें बड़ी मात्रा में महंगे उत्पाद रखे हुए थे। पुलिस को फ्लिपकार्ट और अमेजन के खाली पैकेट और रैपर भी मिले।
बरामद सामान में प्रोटीन पाउडर, व्हे प्रोटीन, बेबी वाइप्स, जूते, हियरिंग मशीन, ब्लड प्रेशर मॉनिटर, शुगर मॉनिटर, प्रोटीनेक्स और कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट शामिल हैं।
डीसीपी साद मियां खां ने बताया कि गिरोह पिछले तीन-चार महीनों से सक्रिय था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार दो अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह में कितने डिलीवरी बॉय या अन्य लोग शामिल थे।


