Noida Stadium: इंडोर स्टेडियम टेंडर विवाद में विजेंद्र सिंह ने निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की
नोएडा के सेक्टर-21ए स्थित इंडोर स्टेडियम के संचालन को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अब इस मामले में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि स्टेडियम संचालन का टेंडर प्राप्त करने वाली एक सिक्योरिटी सॉल्यूशंस कंपनी पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर टेंडर हासिल करने के आरोप लगे हैं। आरोप यह भी है कि कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, विशेषकर विजेंद्र सिंह के नाम और उपलब्धियों का गलत इस्तेमाल कर लाभ उठाने का प्रयास किया।
विजेंद्र सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिष्ठा और उपलब्धियों का किसी भी निजी लाभ के लिए दुरुपयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और नोएडा पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
उधर, नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने पुष्टि की है कि संबंधित कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। प्रारंभिक जांच में टेंडर दस्तावेजों में अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या फर्जीवाड़े की पुष्टि होती है तो संबंधित कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


