Uttar Pradesh : बुलंदशहर में नाले में डूबी मासूम छात्रा चारु कश्यप का चार दिन बाद शव बरामद, परिजनों में कोहराम

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : मोहल्ला साठा में चार दिन पहले तेज बारिश में स्कूल से घर जाते समय नाले में गिरकर लापता हुई मासूम छात्रा चारु कश्यप का शव शनिवार को बरामद हुआ है। एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने घटना स्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर चावली गांव के पास काली नदी में शव को बरामद किया।

28 जुलाई, मंगलवार को तेज बारिश के चलते सड़कों और नालों में पानी भरा हुआ था। स्कूल से छुट्टी के बाद घर जाते समय छात्रा चारु कश्यप तेज बहाव वाले नाले में गिरकर बह गई थी। हादसे के बाद से ही प्रशासन, एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें छात्रा की तलाश में जुटी थीं।
पिछले चार दिनों से लगातार चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शनिवार को चावली गांव के पास काली नदी में छात्रा का शव मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
शव मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने विधि-विधान से छात्रा का अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और परिवार को ढांढस बंधाया। चारों दिन लोग छात्रा की बरामदगी के लिए दुआ कर रहे थे।
सूचना मिलते ही सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मी राज सिंह भी पहुंचे और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। विधायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार की हर संभव मदद कराई जाएगी।
इस मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर स्कूल प्रबंधक के खिलाफ लापरवाही बरतने का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं जिलाधिकारी की रिपोर्ट के बाद नगर पालिका के चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





