राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Crime: कोतवाली के बाहर मारपीट के मामले में दस लोगों पर मुकदमा दर्ज

Noida Crime: कोतवाली के बाहर मारपीट के मामले में दस लोगों पर मुकदमा दर्ज

नोएडा। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के मामले में विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों पर कोतवाली के बाहर विवाहिता के ससुर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद न्यायालय के आदेश पर कासना कोतवाली पुलिस ने प्रमोद शर्मा, गोविंद शर्मा और हिमांशु शर्मा समेत दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कासना कोतवाली पुलिस के मुताबिक, लडपुरा गांव निवासी वेदप्रकाश शर्मा ने न्यायालय में शिकायत देकर बताया कि उनके बेटे गौरव का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। 10 अप्रैल को इसी मामले में सुनवाई थी। इसी दौरान गौरव की पत्नी अपनी मां और बहन के साथ लडपुरा गांव पहुंची।

आरोप है कि वहां गौरव के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी गई। विवाद बढ़ने पर गौरव ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गौरव को पीसीआर में बैठाकर थाने ले गई। पुलिस ने उसके पिता वेदप्रकाश को भी थाने पहुंचने के लिए कहा।

थाने के बाहर हमला करने का आरोप

वेदप्रकाश के अनुसार, वह कुछ देर बाद अपनी कार से कासना थाने पहुंचे। वहां गौरव की ससुराल पक्ष के लोग पहले से मौजूद थे। आरोप है कि थाने के बाहर पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से वहां अफरातफरी मच गई।

पीड़ित का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें हमलावरों से बचाया। इस दौरान पुलिस ने एक-दो आरोपियों को मौके पर पकड़ भी लिया था। घटना के बाद वेदप्रकाश ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने उस समय केस दर्ज नहीं किया।

इसके बाद वेदप्रकाश ने न्यायालय का रुख किया। न्यायालय के आदेश के बाद कासना कोतवाली पुलिस ने प्रमोद शर्मा, गोविंद शर्मा और हिमांशु शर्मा समेत कुल दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button